भोपाल, 24 नवंबर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल की टीम ने खाद्य : बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस संचालित हो रहा था आम्र पैलेस का कैटरिंग कारोबार, खाद्य विभाग ने लिए नमूने
Ashwani Kumar Sinha
Tue, Nov 24, 2026
बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस संचालित हो रहा था आम्र पैलेस का कैटरिंग कारोबार, खाद्य विभाग ने लिए नमूने
भोपाल, 24 नवंबर। खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल की टीम ने खाद्य सुरक्षा
एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई करते हुए कोलार रोड स्थित आम्र पैलेस (AAMRA PALACE) और दीपक साहू किराना प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान आम्र पैलेस में बिना खाद्य सुरक्षा लाइसेंस कैटरिंग एवं बैंक्वेट हॉल का संचालन पाए जाने सहित कई अनियमितताएं सामने आईं।
आम्र पैलेस में लाइसेंस के बिना खाद्य कारोबार
बैरागढ़ चीचली, कोलार रोड स्थित आम्र पैलेस के निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा टीम को खाद्य कारोबार के लिए आवश्यक FSSAI लाइसेंस नहीं मिला। बिल एवं अन्य अभिलेखों के परीक्षण में वर्ष 2025 से कैटरिंग और बैंक्वेट हॉल संबंधी गतिविधियां संचालित होने के तथ्य सामने आए। प्रतिष्ठान के पास गुमास्ता एवं जीएसटी पंजीयन तो उपलब्ध थे, लेकिन खाद्य कारोबार के लिए अनिवार्य लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया।
निरीक्षण के दौरान कैंटीन एवं भोजन निर्माण क्षेत्र में साफ-सफाई की कमी तथा स्वच्छता संबंधी स्थितियां असंतोषजनक पाई गईं। वहीं, भंडारित ब्रेड एवं पाव की उपयोग अवधि समाप्त होने के बाद भी रखे पाए गए।
परिसर में कोलार निवासी हर्ष मिश्रा के परिवार का विवाह समारोह आयोजित था। समारोह में परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों में से पनीर एवं गुलाब जामुन के नमूने गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए लिए गए।
अभिलेखों में प्रतिष्ठान का नाम आम्र श्री इवेंट्स (AAMRA SHREE EVENTS) तथा नंद किशोर मारन सहित अन्य भागीदारों के नाम दर्ज पाए गए।
दीपक साहू किराना प्रतिष्ठान से बेसन और धनिया पाउडर के नमूने
खाद्य सुरक्षा टीम ने कोलार रोड स्थित दीपक साहू किराना प्रतिष्ठान का भी निरीक्षण किया। यहां खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी कमियां पाए जाने पर बेसन और धनिया पाउडर के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। प्रतिष्ठान में स्वच्छता एवं हाइजीन मानकों का उचित पालन नहीं मिलने पर संचालक को सुधार सूचना पत्र जारी कर निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मैरिज गार्डन और कैटरिंग कारोबार पर निगरानी बढ़ेगी
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विवाह समारोहों के सीजन को देखते हुए भोपाल के बैंक्वेट हॉल, मैरिज गार्डन और कैटरिंग प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी खाद्य कारोबारियों के लिए खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्राप्त करना और निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर खाद्य कारोबार प्रतिबंधित कर प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
जांच के लिए लिए गए सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन