भोपाल भोजनालय और जिम से जुड़े खाद्य पदार्थों की भी जांच : रायपुर में 1600 किलो पनीर प्रकरण के बाद भोपाल में डेयरी यूनिटों की सघन जांच, कई प्रतिष्ठानों से नमूने लिए
Ashwani Kumar Sinha
Wed, Nov 25, 2026
रायपुर में 1600 किलो पनीर प्रकरण के बाद भोपाल में डेयरी यूनिटों की सघन जांच, कई प्रतिष्ठानों से नमूने लिए
भोपाल, 25 नवंबर। रायपुर में करीब 1600 किलोग्राम पनीर भेजे जाने संबंधी मीडिया रिपोर्ट के बाद खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल ने शहर में पनीर निर्माण एवं विक्रय से जुड़े प्रतिष्ठानों और डेयरी यूनिटों की सघन जांच शुरू कर दी है। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का भौतिक सत्यापन कर पनीर सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए हैं।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, रायपुर में कथित 1600 किलोग्राम पनीर के प्रकरण से संबंधित अब तक कोई आधिकारिक सत्यापन प्रतिवेदन, जब्ती पंचनामा, परिवहन दस्तावेज, बिल अथवा अन्य अभिलेख भोपाल विभाग को प्राप्त नहीं हुए हैं, जिनसे पनीर का निर्माण या पैकिंग भोपाल में होने और यहां से रायपुर भेजे जाने की पुष्टि हो सके। हालांकि, मीडिया में प्रकाशित खबरों को गंभीरता से लेते हुए एहतियातन जिले में जांच अभियान चलाया जा रहा है।
द माखन डेयरी के बताए गए पते पर नहीं मिला डेयरी कारोबार
मीडिया रिपोर्ट में उल्लेखित द माखन डेयरी के पते पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सर्चिंग एवं भौतिक सत्यापन किया। कोलार क्षेत्र के कालापानी स्थित पते पर डेयरी कारोबार संचालित नहीं मिला। इंद्रपुरी में बताए गए पते पर चाय एवं अन्य सामग्री की दुकान संचालित पाई गई, जबकि शाहपुरा के मकान नंबर 210 पर डॉ. गोले का क्लीनिक एवं निवास मिला। इन स्थानों पर डेयरी अथवा पनीर निर्माण और विक्रय का कारोबार नहीं पाया गया।
इन परिस्थितियों में संबंधित फर्म के वास्तविक संचालन स्थल और पनीर की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने के लिए आगे जांच की आवश्यकता बताई गई है।
पूर्व में रेल मार्ग से लाए गए 700 किलो पनीर का नमूना मिला था अमानक
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि दीपावली से पूर्व भोपाल में रेल मार्ग से लाए जा रहे करीब 700 किलोग्राम पनीर को खाद्य सुरक्षा अधिकारी दल ने पकड़कर जब्त किया था। जांच के लिए भेजे गए नमूने की रिपोर्ट में पनीर अमानक (Sub-standard) पाया गया था।
इस कार्रवाई के बाद रेल मार्ग एवं अन्य परिवहन माध्यमों से भोपाल आने वाले पनीर की आपूर्ति श्रृंखला पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना और आगरा क्षेत्र से पनीर लाकर भोपाल के माध्यम से अन्य जिलों अथवा राज्यों में भेजे जाने की संभावनाओं की भी जांच की जा रही है। परिवहन दस्तावेजों, बिल, बिल्टियों एवं संबंधित व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन किया जाएगा।
तीन डेयरी इकाइयों से पनीर के नमूने संग्रहित
25 नवंबर को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर की गुणवत्ता जांच के लिए शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।
* कान्हा डेयरी, बावड़िया कला: निरीक्षण कर पनीर का नमूना लिया गया।
* खुशी डेयरी, सूरज नगर, बावड़िया कला: पनीर एनालॉग होने की आशंका के चलते नमूना संग्रहित किया गया।
* भोज फूड्स, कोफ्ता बायपास, ट्रांसपोर्ट नगर: पनीर निर्माण इकाई का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए तीन नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भोजनालय और जिम से जुड़े खाद्य पदार्थों की भी जांच
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शिकायतों के निराकरण के लिए अन्य प्रतिष्ठानों पर भी निरीक्षण किया। चूना भट्टी तिराहा, कोलार रोड स्थित साँवरिया भोजनालय एवं टी सेंटर से समोसे का नमूना लिया गया।
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर जहांगीराबाद स्थित Mad Fitness Hub और कोलार स्थित Pure Fitness Point का निरीक्षण किया गया। दोनों जिम में प्रोटीन पाउडर एवं फूड सप्लीमेंट का विक्रय नहीं पाया गया।
वहीं, कोलार स्थित Protein Hub (Taran Concepts Pvt. Ltd.) से Glutamine Health Supplement और MuscleBlaze Biozyme Multivitamin के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए संग्रहित किए गए।
इस वर्ष अब तक पनीर के 111 नमूने, 15 अमानक
खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अनुसार, जनवरी 2026 से अब तक भोपाल जिले में पनीर के कुल 111 नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। इनमें से 15 नमूने अमानक पाए गए, 57 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे, जबकि 39 नमूनों की रिपोर्ट अभी प्रतीक्षित है।
पनीर नमूनों की जांच स्थिति
अमानक पाए गए नमूनों के मामलों में अपर कलेक्टर (न्याय निर्णायक अधिकारी) के न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए गए हैं। शेष मामलों में जांच रिपोर्ट एवं अभिलेखों के आधार पर चालान प्रस्तुत करने की कार्रवाई प्रस्तावित है।

रायपुर खाद्य सुरक्षा विभाग से समन्वय जारी
भोपाल खाद्य सुरक्षा प्रशासन रायपुर के खाद्य सुरक्षा विभाग से संपर्क एवं समन्वय कर कथित पनीर आपूर्ति प्रकरण से संबंधित जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहा है। विभाग के अनुसार, भोपाल जिले में डेयरी यूनिटों की सर्चिंग, भौतिक सत्यापन और नमूना संग्रहण जारी रहेगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल ने स्पष्ट किया है कि पनीर की गुणवत्ता, आपूर्ति श्रृंखला और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर जांच अभियान जारी रहेगा।
विज्ञापन