भंडारण एवं परोसने के दौरान स्वच्छता और निर्धारित : भोजन में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिलने की शिकायत पर आर.आर. राजोरिया रेस्टोरेंट में जांच, दोनों प्रतिष्ठानों से
Ashwani Kumar Sinha
Fri, Nov 27, 2026
भोजन में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिलने की शिकायत पर आर.आर. राजोरिया रेस्टोरेंट में जांच, दोनों प्रतिष्ठानों से 5 खाद्य नमूने लिए
भोपाल। जे.के. रोड स्थित आर.आर. राजोरिया रेस्टोरेंट में परोसी गई पनीर की सब्जी में बर्तन साफ करने वाली तार का टुकड़ा मिलने की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल द्वारा जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान समीप स्थित डी.के. राजोरिया रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से कुल पांच खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम आर.आर. राजोरिया रेस्टोरेंट पहुंची, जहां तैयार पनीर की सब्जी, दाल की सब्जी एवं चावल के नमूने लिए गए। इसके बाद समीप स्थित डी.के. राजोरिया रेस्टोरेंट का निरीक्षण कर पनीर एवं सोयाबीन तेल के नमूने संग्रहित किए गए।
निरीक्षण में डी.के. राजोरिया रेस्टोरेंट में सोयाबीन तेल पैक्ड अवस्था में पाया गया। प्रतिष्ठान संचालक ने तेल हनुमानगंज, भोपाल स्थित 'हे राम' प्रतिष्ठान से क्रय करना बताया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण एवं परोसने के दौरान स्वच्छता और निर्धारित
खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि रेस्टोरेंट संचालकों की जिम्मेदारी केवल रिसेप्शन पर बैठकर बिल बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें किचन में जाकर खाद्य पदार्थों की तैयारी, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली एवं साफ-सफाई की नियमित निगरानी भी करनी चाहिए। किचन का प्रभावी प्रबंधन और सतत निगरानी से भोजन में बाहरी वस्तुएं मिलने जैसी घटनाओं को रोका जा सकता है।
संग्रहित सभी पांच खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन, जिला भोपाल
विज्ञापन