प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से समाज में राष्ट्रभक्ति, जागरूकता : राष्ट्र सेविका समिति, भोपाल विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण वर्ग व प्रकट उत्सव
Ashwani Kumar Sinha
Thu, Apr 16, 2026

राष्ट्र सेविका समिति के प्रशिक्षण वर्ग का प्रकट उत्सव सम्पन्न, महिलाओं में राष्ट्रभावना एवं संस्कारों का सशक्त संचार
भोपाल | 16 अप्रैल 2026
“राष्ट्र सेवा परमो धर्मः” के मूल मंत्र के साथ कार्यरत राष्ट्र सेविका समिति, भोपाल विभाग द्वारा आयोजित सात दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण वर्ग का प्रकट उत्सव 15 अप्रैल 2026 को कटारा हिल्स स्थित शासकीय ज्ञानोदय बालिका छात्रावास में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
यह प्रशिक्षण वर्ग 10 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक आयोजित किया गया, जिसमें भोपाल विभाग के पाँच जिलों सहित अन्य दो विभागों से आई कुल 51 प्रशिक्षणार्थी भगिनियों एवं 12 शिक्षिकाओं सहित कुल 63 सेविकाओं ने भाग लिया। वर्ग के दौरान प्रातः 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक अनुशासित एवं सुसंगठित दिनचर्या का पालन करते हुए शिक्षार्थियों ने चिंतन सूत्र, योगासन, प्रातः शाखा, सायं शाखा, बौद्धिक सत्र, लेखन कार्य, कार्यशालाएँ, भजन-गीत अभ्यास एवं आनंद बेला जैसे विविध कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की।
प्रशिक्षण के अंतर्गत दंड, नियुद्ध, योगदंड, यष्टी, पदविन्यास एवं खेलों के माध्यम से आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से बहनों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, संगठनात्मक कौशल एवं राष्ट्रसेवा की भावना का विकास किया गया।
प्रकट उत्सव के अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों द्वारा सीखे गए विविध आयामों का प्रभावशाली प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को अत्यंत प्रभावित किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं में आध्यात्मिक शक्ति, आत्मविश्वास एवं स्वसंरक्षण की भावना विकसित कर उन्हें राष्ट्र, धर्म और संस्कृति की रक्षा हेतु सक्षम बनाना समय की आवश्यकता है।
विभाग कार्यवाहिका श्रीमती अलका ताई देशमुख ने वर्ग का वृत्त एवं समिति का परिचय प्रस्तुत किया, जबकि विभाग सहकार्यवाहिका श्रीमती कोमल चौहान ने राष्ट्र सेविका समिति के इतिहास एवं उसकी आवश्यकता पर प्रकाश डाला।


कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों एवं स्वयंसेविकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों के अनुशासन, समर्पण एवं राष्ट्रभावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस सफल आयोजन में वर्ग मुख्यशिक्षिका सोना ठाकुर एवं वर्ग बौद्धिक प्रमुख सोनाली जाधव इनके अतिरिक्त प्रबंधिक एवं शिक्षिका हेमलता पटेल, तपस्या शुक्ला, शोभा दुबे, अभिलाषा यादव, सृष्टि ठाकुर, डिंपल कुशवाहा और अर्पिता जी का विशेष योगदान रहा। समिति ने इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से समाज में राष्ट्रभक्ति, जागरूकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रसार के अपने संकल्प को पुनः दोहराया।
विज्ञापन